अमृतसर में रविवार को एक बंद से मां और बेटे की लाशें मिलने से सनसनी फैल गई। घर से बदबू आने पर मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने आकर जब घर की छानबीन की तो उसमें सड़े-गले अवस्था में शव बरामद हुए। मोहल्लेवासियों ने आशंका जताई है कि दोनों मां-बेटे की हत्या घर की बहू ने की है। दोनों को मारने के बाद वह घर पर ताला लटकाकर चली गई। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए घर के आसपास लगे CCTV जब्त किए हैं। इनमें से एक में एक महिला घर से निकलती दिखी है। पुलिस का कहना है कि अभी मामले में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी मौत की वजह सामने आएगी। पुलिस अधिकारी ने आशंका जताई है कि कोई धारदार चीज से दोनों को मारा गया है। लोगों से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस जानकारी के अनुसार, अमृतसर की रामनगर कॉलोनी की यह घटना है। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय महिला रितु और उनके 35 वर्षीय बेटे गौरव के तौर पर हुई है। घटना की जानकारी देते हुए ADCP वेनिला ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को शाम करीब साढ़े 4 बजे सूचना मिली थी कि रामनगर कॉलोनी के एक घर से भीषण दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलने पर पुलिस की विशेष टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बंद घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर जांच करने पर 2 सड़े-गले शव बरामद हुए। दोनों के शव संदिग्ध अवस्था में पड़े हुए थे, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि इस वारदात को कई दिन पहले अंजाम दिया गया होगा। गौरव की पत्नी पर गहराया हत्या का शक पुलिस की जांच में गौरव की पत्नी पर हत्या का गहरा शक जताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, गौरव की शादी करीब ढाई साल पहले अन्य राज्य की रहने वाली युवती से हुई थी। इनकी एक बेटी है। पत्नी गौरव के साथ नहीं रहना चाहती थी। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। पुलिस के अनुसार, साक्ष्यों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि वारदात में किसी भारी और धारदार हथियार से हमला कर दोनों की हत्या की गई है। करीब 3 दिन से यह घर बंद था। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से इसे लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लिया पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। इसमें से एक CCTV में तीन दिन पहले गौरव के घर से निकलती हुई एक महिला दिखी है। बताया जा रहा है कि वह गौरव की पत्नी है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद घर का ताला लगाकर निकल गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौतों के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा और मामले की हर पहलू से गहराई से जांच जारी है। यहां देखिए महिला के निकने का CCTV फुटेज