जाब के आईईएटी स्पेशल बीएड पास अध्यापक यूनियन ने रविवार को लंबित मांगों को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए खून से ज्ञापन लिखा। सूबा प्रधान श्री राकेश कुमार जालंधर की अगुवाई में यूनियन के शिष्टमंडल ने पंजाब सरकार के नाम खून से लिखा ज्ञापन कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत को सौंपा।
मंत्री मोहिंदर भगत ने मौके पर ही चंडीगढ़ में उच्च अधिकारियों को फोन कर यूनियन की मांगों पर चर्चा की और एक महीने के भीतर सभी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। पंजाब में स्पेशल बीएड पास अध्यापकों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को लेकर अध्यापकों में भारी रोष व्याप्त है। अपनी मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए आईईएटी स्पेशल बीएड पास अध्यापक यूनियन पंजाब के बैनर तले शिक्षक एकजुट हुए।
पंजाब सरकार अध्यापकों की समस्याओं के प्रति गंभीर
कैबिनेट मंत्री ने यूनियन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि पंजाब सरकार अध्यापकों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने वादा किया कि एक महीने के भीतर यूनियन की सभी जायज समस्याओं और मांगों का सकारात्मक हल निकाल लिया जाएगा। इस अवसर पर संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। जिनमें मुख्य रूप से जिला प्रधान मैडम परमजीत कौर, मैडम सुखविंदर कौर, मैडम इंद्रजीत कौर और श्री जोगिंदर सिंह सहित अन्य शिक्षक प्रतिनिधि शामिल थे।