उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान तेज करने का फैसला किया है। पार्टी कार्यकर्ता अब घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और अपनी नीतियों और स्थानीय मुद्दों को जनता तक पहुंचाएंगे। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उदयपुर की जनता खोखले दावों और भ्रष्टाचार की राजनीति से त्रस्त हो चुकी है, इसलिए अब बदलाव का समय आ गया है। सोमवार को उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अहम बैठक देवाली सामुदायिक भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता शहर जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने की। इसमें नगर निगम चुनाव प्रभारी हरीश चौधरी, डिंपल राठौड़ और राजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में आगामी नगर निगम चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने वर्तमान नगर निगम बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और जनहित की अनदेखी के आरोप लगाए। नेताओं का कहना था कि शहर की जनता साफ-सफाई, सड़क, जल निकासी, यातायात और पारदर्शी प्रशासन जैसी मूलभूत सुविधाओं की अपेक्षा कर रही है, लेकिन नगर निगम इन अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया। घर-घर जाकर निगम की कमियां गिनाएगी कांग्रेस उदयपुर शहर जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अब वार्ड-वार्ड और घर-घर जाकर नगर निगम बोर्ड की कथित नाकामियों को जनता के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस चुनाव को केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि उदयपुर को जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी नगर निगम देने की लड़ाई के रूप में लड़ेगी। संगठन को वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान नगर निगम चुनाव प्रभारी हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार और नगर निगम की कथित जनविरोधी नीतियों को उजागर करे। साथ ही कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखे। कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता का विश्वास पार्टी की ताकत बैठक में डिंपल राठौड़ और राजपाल सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता का विश्वास पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बनेगा। बैठक में हुई वार्डवार संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि बैठक में वार्डवार संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा, बूथ स्तर तक चुनावी रणनीति लागू करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर निगम चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरकर उदयपुर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का संकल्प भी लिया। बैठक में प्रदेश महामंत्री गोपाल कृष्ण शर्मा, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, प्रदेश महामंत्री पंकज कुमार शर्मा, प्रदेश सचिव दिनेश श्रीमाली, संगठन महामंत्री अरूण टांक, शहर जिला उपाध्यक्ष अली कोसर, दलपत सिंह चुंडावत, लोकेश चौधरी, राजीव सुवालका, खूबी लाल मेनारिया, सुधीर जोशी, दीपक व्यास, मोहम्मद अयूब, महामंत्री मोहसिन खान, राजेश जैन, प्रशांत श्रीमाली, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, शंकर चंदेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिक भानु प्रताप, युवक कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह केलावत, एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद चौधरी आदि मौजूद रहे।