बाड़मेर मे महिला ग्राम विकास अधिकारी (VDO) की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के भाई ने उसके साथ रहने वाली रूम पार्टनर और उसके साथियों पर सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। साथ ही हत्या कर पंखे से शव लटकाने का भी आरोप लगाया है। भाई का कहना है- मौत से पहले उसकी बहन और रूममेट के बीच झगड़ा हुआ था और इससे नाराज रूममेट अपना सामान लेकर वहां से चली गई थी, लेकिन घटना के समय वो वापस कैसे आई, इसकी जांच होनी चाहिए। दरअसल, बाड़मेर जिले के सेड़वा कस्बे में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे VDO उजाला वर्मा अपने किराए के घर में फंदे पर लटकी मिली थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने सुसाइड की आशंका जताई थी, लेकिन सीकर से आए भाई के सेड़वा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद मामले की जांच नए सिरे से की जा रही है। कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी VDO
डीएसपी जेठाराम ने बताया कि मृतका उजाला वर्मा के भाई अविनाश पुत्र नाहरमल निवासी नीम का थाना, सीकर ने पुलिस थाना सेड़वा में रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि बहन उजाला वर्मा ग्राम पंचायत कुंदनपुरा में VDO के पद कार्यरत थी। सेड़वा में प्राइवेट मकान किराए पर रहती है। बहन के साथ में अंजली भी 2 साल रह रही थी। लेकिन शुक्रवार की शाम को रूम पार्टनर अंजली ने हमें फोन किया और बताया कि उजाला ने कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। हम शनिवार को सीकर से सेड़वा पहुंचे। बहन के रूम के आसपास पता किया तो पता चला की उजाला और रूम पार्टनर अंजली के बीच बीते कुछ समय से आए दिन झगड़ा होता था। शुक्रवार को अंजली अपना सामान लेकर हरपालिया गांव चली गई थी। इस दौरान उजाला रूम पर अकेली थी। अंजली से प्रताड़ित होकर उजाला ने सुसाइड कर लिया। भाई ने आरोप लगाया कि अंजली और उसके प्रेमी सहित अन्य साथियों ने मिलकर उजाला की जान ले ली, फिर उसे पंखे से लटका दिया। डीएसपी जेठाराम ने बताया- भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- महिला VDO ने किया सुसाइड:2 ग्राम पंचायत का था चार्ज; रूम पार्टनर के साथ किराए के मकान में रहती थी