UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा जनसुनवाई में शिकायत लेकर आए एक व्यक्ति पर भड़क गए। उन्होंने शिकायतकर्ता को तथ्यों के साथ अपनी बात रखने को कहा। UDH मंत्री बोले- मैं कल से यहां हूं और लगातार जनसुनवाई कर रहा हूं। अब आकर सिर्फ हल्ला क्यों कर रहे हो? पेट में दर्द था तो उसी वक्त दिखाना चाहिए था। यह नहीं हो सकता कि जनसुनवाई खत्म होने का इंतजार करो और बाद में हंगामा शुरू कर दो। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। बुधवार को UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा बीकानेर के सर्किट हाउस में जनसुनवाई करने पहुंचे थे। उनके साथ बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास भी मौजूद रहे। इस दौरान जवाहर नगर क्षेत्र में एक प्लॉट आवंटन से जुड़ी फाइल को लेकर गोपाल किराडू जनसुनवाई में पहुंचे थे। उन्होंने UDH मंत्री से कहा- बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अधिकारियों और कर्मचारी फाइल चलाने की टोकन मनी मांगते हैं। इस पर खर्रा भड़क गए। पढ़िए दोनों के बीच हुई बातचीत… कहा- मुझे 55 साल का अनुभव है, मैं सब समझता हूं। इतनी परेशानी थी तो सुबह 9 बजे, 10 बजे या शाम को भी आ सकते थे। शिकायतकर्ता ने कहा- साहब हमें समय तो देना पड़ेगा। मंत्री खर्रा ने कहा- तुम चाहोगे तब नहीं मिलेगा समय… टाइम पर बैठे हैं तब मुझे मिलना नहीं है। जब सब चले जाएंगे तब जाकर मैं हो हल्ला करूंगा। ये आज बर्दाश्त होगा न कल बर्दाश्त होगा। शिकायतकर्ता- नहीं, नहीं हो हल्ला करना ही नहीं है हम तो यहां निवेदन करने आए हैं। मंत्री खर्रा ने कहा- मैं कल सवा 3 बजे बीकानेर आ गया था। तुम्हारे अगर पेट में दर्द था, तुम सुबह आ सकते थे। पूरे विवाद के दौरान पास बैठे विधायक जेठानन्द भी शिकायतकर्ता को समझाते रहे।