राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी ने भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी प्रशासनिक और क्रिकेट संबंधी शक्तियों को सीज कर दिया है। इसके साथ ही जिला क्रिकेट संघ को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। अब भरतपुर जिले में क्रिकेट गतिविधियों का संचालन सीधे RCA की निगरानी में किया जाएगा। एडहॉक कमेटी के इस फैसले के बाद भरतपुर क्रिकेट संघ की कार्यप्रणाली, खिलाड़ियों के चयन और वित्तीय मामलों को लेकर उठे सवालों की जांच शुरू हो गई है। RCA ने पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष चार सदस्यीय समिति का गठन किया है, जो सभी आरोपों की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट एडहॉक कमेटी को सौंपेगी। खिलाड़ियों के चयन में अनियमितता के आरोप RCA एडहॉक कमेटी के कन्वीनर मोहित यादव केने बताया कि भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर देने के बजाय बाहरी खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही थी। उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ियों पर पहले प्रतिबंध लगाया गया था और बाद में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन ने उनका प्रतिबंध हटा दिया था, उन्हें भी जिला संघ की ओर से चयन प्रक्रिया में मौका नहीं दिया गया। इससे खिलाड़ियों में लगातार असंतोष बढ़ रहा था। सिलेक्शन के बदले पैसे मांगने के आरोप मोहित यादव ने बताया कि जिला संघ के पदाधिकारियों पर खिलाड़ियों के चयन के बदले पैसे मांगने के भी आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा कुछ महिला खिलाड़ियों ने भी गंभीर शिकायतें दर्ज कराई हैं। इन शिकायतों की प्रकृति को देखते हुए RCA ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है और विस्तृत जांच का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि जांच समिति सभी पक्षों के बयान दर्ज करेगी और उपलब्ध दस्तावेजों तथा तथ्यों की समीक्षा करेगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पदाधिकारियों और जिला संघ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं यदि शिकायतें निराधार साबित होती हैं तो भरतपुर जिला क्रिकेट संघ को उसकी शक्तियां वापस सौंप दी जाएंगी। RCA खुद संभालेगा भरतपुर की क्रिकेट गतिविधियां एडहॉक कमेटी के फैसले के बाद फिलहाल भरतपुर जिले की सभी क्रिकेट गतिविधियों का संचालन RCA की देखरेख में होगा। खिलाड़ियों के चयन, प्रतियोगिताओं के आयोजन और प्रशासनिक कार्यों पर सीधा नियंत्रण राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का रहेगा, ताकि किसी भी खिलाड़ी के साथ अन्याय न हो और क्रिकेट गतिविधियां प्रभावित न हों। जल्द बनेगी सिलेक्शन कमेटी मोहित यादव ने बताया कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की सिलेक्शन कमेटी के गठन की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। सिलेक्टर्स के इंटरव्यू लिए जाएंगे और अगले सप्ताह तक नई कमेटी का गठन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यही सिलेक्शन कमेटी प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन कर राजस्थान की विभिन्न आयु वर्ग और सीनियर टीमों का गठन करेगी। लंबे समय से कमेटी के गठन का इंतजार किया जा रहा था और अब जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। नागौर क्रिकेट संघ को लेकर भी बयानबाजी तेज इस दौरान RCA एडहॉक कमेटी के सदस्य धनंजय सिंह खींवसर ने नागौर जिला क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव राजेंद्र सिंह पर भी निशाना साधा। धनंजय सिंह खींवसर ने आरोप लगाया कि क्रिकेट में राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन राजेंद्र सिंह लंबे समय से राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर लाल डूडी को भी जिला क्रिकेट संघ से जोड़कर RCA चुनाव लड़वाए गए थे। साथ ही उन्होंने पूर्व RCA अध्यक्ष वैभव गहलोत के साथ भी राजनीतिक समीकरण साधने के आरोप लगाए।
