राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी का कार्यकाल एक बार फिर तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। RCA की एडहॉक कमेटी का कार्यकाल लगातार 10वीं बार बढ़ाया गया है। सहकारिता रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने एडहॉक कमेटी का कार्यकाल तीन महीने बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं। शर्मा ने बताया कि अगर एडहॉक कमेटी का कार्यकाल नहीं बढ़ाया जाता, तो राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में विधिक शून्यता (लीगल वैक्यूम) की स्थिति पैदा हो सकती थी। इसी कारण कमेटी का कार्यकाल बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इन कारणों से नहीं हो सके चुनाव एडहॉक कमेटी ने 24 जून 2026 को सरकार को भेजे लेटर में बताया कि तय समय सीमा में चुनाव कराना संभव नहीं हो पाया। कमेटी के अनुसार पूर्ववर्ती RCA कार्यकारिणी के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की जांच अभी जारी है। इसके अलावा राज्य के कई जिला क्रिकेट संघों से जुड़े विवादों की भी जांच चल रही है, ताकि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप चुनाव कराए जा सकें। कमेटी ने यह भी बताया कि वर्तमान क्रिकेट सत्र के दौरान खिलाड़ियों के हितों को देखते हुए लगातार विभिन्न घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जा रहा है। साथ ही कुछ अपरिहार्य और अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण भी चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी नहीं हो सकी। पुरानी टीम संभालेगी जिम्मेदारी सरकार ने एडहॉक कमेटी कन्वीनर के रूप में एक बार फिर मोहित यादव को जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ धनंजय सिंह, आशीष तिवाड़ी, सुशील जैन, अरिष्ट सिंघवी और अर्जुन बेनीवाल सदस्य के रूप में काम करेंगे। राजनीतिक रूप से भी यह कमेटी चर्चा में है। क्योंकि इसके अधिकांश सदस्य प्रदेश के प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों से जुड़े हैं। मोहित यादव भाजपा विधायक जसवंत यादव के पुत्र हैं। धनंजय सिंह स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र हैं। आशीष तिवाड़ी भाजपा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के पुत्र हैं। अरिष्ट सिंघवी पूर्व मंत्री चंद्रराज सिंघवी के पौत्र हैं, जबकि अर्जुन बेनीवाल भादरा विधायक संजीव बेनीवाल के पुत्र हैं। इनके साथ ही डूंगरपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुशील जैन भी कमेटी में सदस्य हैं। दो साल से जारी है एडहॉक व्यवस्था मार्च 2024 में राज्य सरकार ने RCA की तत्कालीन कार्यकारिणी को हटाकर तीन महीने के लिए एडहॉक कमेटी नियुक्त कर इस दौरान चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि निर्धारित समय में चुनाव नहीं हो सके और इसके बाद हर तीन महीने में कमेटी का कार्यकाल बढ़ाया जाता रहा। अब चुनाव पर टिकी नजर सरकार ने आदेश में स्पष्ट किया है कि एडहॉक कमेटी को तीन महीने के भीतर RCA के उपनियमों के अनुसार कार्यकारी समिति का चुनाव कराना होगा। ऐसे में सितंबर 2026 तक चुनाव कराने का लक्ष्य रखा गया है। ——— ये खबर भी पढ़िए RCA की एडहॉक कमेटी में नए सदस्य नियुक्त:डूंगरपुर के सुशील जैन सहित अब 6 सदस्य कराएंगे चुनाव सरकार ने डूंगरपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुशील जैन को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी का नया सदस्य नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद अब RCA की एडहॉक कमेटी पांच की बजाय 6 सदस्यीय हो गई है। (पढ़िए पूरी खबर)
