कोटा में 17 जून के राहुल गांधी के दौरे को लेकर विवाद हो रहा है। बीजेपी और कई स्टूडेंटस भी इसका विरोध कर रहे हैं। बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि 21 जून को जब रीनीट का एग्जाम होना है तो उससे पहले स्टूडेंटस को डिस्टर्ब करने की क्या जरूरत है। इसी के विरोध में मंगलवार को बीजेपी किसान मोर्चा के नेतृत्व में राजीव गांधी नगर में राजीव गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया गया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश नायक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा को आईने दिखाए और एक शिकायत पत्र भी प्रतिमा के बेस पर चिपकाया। राकेश नायक ने बताया कि कांग्रेस राज में इतने पेपर लीक हुए तब राहुल गांधी चुप क्यों थे। राजस्थान में कांग्रेस सरकार में हर पेपर लीक हुआ, परीक्षाओं में धांधली हुई। तब राहुल गांधी ने इस बारे में कोई बात नहीं की। उस समय राहुल गांधी को युवाओं और छात्रों की याद क्यों नही आई। भाजपा सरकार आने के बाद पेपर लीक की घटनाएं बंद हुई हैं। पहले के पेपरलीक मामलों की जांच चल रही है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब जब रीनीट का एग्जाम होना है। एक बार पेपर रदद हो गया है और दोबारा स्टूडेंटस पेपर की तैयारी कर रहे हैं। 21 जून को पेपर है और 17 जून को राहुल गांधी कार्यक्रम कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता स्टूडेंटस को डिस्टर्ब करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस सिर्फ छात्रों के नाम पर राजनीति कर रही है। जब बेटा कोई गलती करता है तो उसके पिता से शिकायत की जाती है। इसलिए राहुल गांधी ये गलती कर रहे हैं तो हम राजीव गांधी की प्रतिमा पर शिकायत करने के लिए आए हैं और हमारी यही प्रार्थना है कि राहुल गांधी को सदबुद्धी मिले।