जैसलमेर. स्वर्णनगरी में शुक्रवार देर शाम शीतल हवाओं के साथ आई बारिश ने मौसम को खुशगवार बनाते हुए शहरवासियों के दिल बाग-बाग कर दिए। दिन भर उमस और तपिश के बाद शाम को शहर का आसमान बादलों से ढंक गया। थोड़ी देर शीतल हवाओं का दौर चला और उसके बाद पहले धीमी और फिर तेज गति से हुई बूंदाबांदी ने सडक़ों व गलियों को तरबतर कर दिया। आसमान में बिजली की गर्जना के साथ कुछ दिनों के अंतराल के बाद आई इस बरखा-बहार ने एकबारगी मौसम को सुहाना बना दिया। दूसरी तरफ जिले के मोहनगढ़ सहित 192 आरडी, 31 बीडी और 23 पीडी सहित अन्य नहरी क्षेत्रों में बादलों से वर्षा के रूप में प्रकृति की मेहरबानी बरसी। जिससे चिंता में डूबे किसानों के चेहरों पर रंगत ला दी। मानसून की इस वर्षा से ग्रामीण क्षेत्रों के खेतों में एकदम से रौनक उत्पन्न हो गई।
