जैसलमेर. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से गत 5 जुलाई को लिपिक ग्रेड द्वितीय भर्ती परीक्षा के दौरान जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र में एक महिला अभ्यर्थी को नकल करवाने के मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार इस सारे वाकये की सीसीटीवी फुटेज में सच सामने आ गया है। जिस समय महिला अभ्यर्थी को वहां ड्यूटी पर तैनात रिलीवर (शिक्षक) की तरफ से नकल करवाने का प्रयास किया गया, तब कमरे में बैठे जिन अभ्यर्थियों ने विरोध दर्ज किया, उन्हें भी चुप रहने और बदले में नकल करवाने का प्रलोभन दिया गया। दूसरी तरफ राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने ट्वीट कर ये नकल कराने का मामला था या पेपर लीक ? जिला प्रशासन या बोर्ड ने छुपाया या फौरन जांच शुरू की ? आप ही निर्णय करें। आलोक राज ने कहा कि एफआईआर हो गई है अब ये भी खुलासा होगा कि लाइट गुल हुई या करवाई गई। सभी परीक्षा कक्षों में 28 हजार सीसीटीवी लगे थे, इसलिए एविडेंस भी मिल गया। गौरतलब है कि इस मामले में कलक्टर की ओर से गठित कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर 5 जनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट जैसलमेर कोतवाली में दर्ज करवाई गई है। इनमें से रिलीवर पदमसिंह और अभ्यर्थी मनु कंवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।