जैसलमेर. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से गत 5 जुलाई को लिपिक ग्रेड द्वितीय भर्ती परीक्षा के दौरान जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र में एक महिला अभ्यर्थी को नकल करवाने के लिए प्रश्रपत्र बाहर भेजे जाने के मामले में पुलिस की ओर से गिरफ्तार की गई अभ्यर्थी मनु कंवर को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया। वहीं इस मामले में गिरफ्तार किए गए रिलीवर पदमसिंह की पुलिस रिमांड जारी है। पुलिस उससे इस मामले से जुड़े तथ्यों के बारे में पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार उसे आगामी 13 जुलाई को न्यायालय में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि मॉडल स्कूल परीक्षा केंद्र से प्रश्रपत्र बाहर जाने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी की तरफ से पदमसिंह व मनु कंवर के अलावा प्रधानाचार्य उम्मेदसिंह, भीमसिंह और जालिम सिंह के खिलाफ भी नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। प्रथम दृष्टया जांच के बाद पुलिस ने दो जनों को अभी तक गिरफ्तार किया है। अभी तक इस मामले में शिक्षा विभाग की तरफ से किसी को निलम्बित किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
