जैसलमेर। सीमांत जैसलमेर में अब रक्तदान केवल शिविरों तक सीमित गतिविधि नहीं रहा। यहां एक ऐसी रक्तदाता पीढ़ी तैयार हो चुकी है, जो किसी अनजान मरीज के लिए भी बिना झिझक अस्पताल पहुंचती है। मरीज कौन है, उससे रिश्ता क्या है और जरूरत कितनी बड़ी है—इन सवालों से पहले एक ही बात सामने आती है… रक्त चाहिए तो पहुंचना है। जन्मदिन हो, शादी की सालगिरह हो या कोई यादगार अवसर, युवा स्वेच्छा से रक्तदान करने जवाहिर चिकित्सालय के रक्त बैंक पहुंचते हैं। किसी मरीज या प्रसूता के लिए अचानक रक्त की जरूरत पड़े तो सोशल मीडिया संदेश या एक फोन कॉल कई रक्तदाताओं को सक्रिय कर देता है। कई बार कुछ ही समय में रक्तदाता अस्पताल पहुंचकर रक्तदान कर देते हैं।