पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की विवादित वीडियो को लेकर यूथ अकाली दल और स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसओआई) ने फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में वीरवार शाम आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व यूथ अकाली दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट अनुप्रताप सिंह बराड़ ने किया। प्रदर्शन में शिरोमणि अकाली दल और एसओआई के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की विवादित वीडियो के मामले में आम आदमी पार्टी के नेता और स्वयं मुख्यमंत्री बार-बार अपने बयान बदल रहे हैं। अकाली नेता बोले- सीएम को माफी मांगनी चाहिए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को श्री अकाल तख्त साहिब के साथ टकराव की स्थिति पैदा करने के बजाय गुरु साहिब से तुरंत माफी मांगनी चाहिए। नेताओं ने दावा किया कि लगभग छह महीने पहले जब यह वीडियो वायरल हुई थी, तब मुख्यमंत्री ने श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होकर कहा था कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की सहायता से तैयार की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद वीडियो की कोई स्वतंत्र जांच नहीं करवाई गई। अब जब श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जांच करवाई गई तो वीडियो को सही पाया गया, जिसके बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पुलिस की मदद से गुरुग्राम से एक कथित फर्जी रिपोर्ट तैयार करवाई जिसके संदर्भ में गुरुग्राम पुलिस ने केस भी दर्ज किया है। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग रखी। मुख्यमंत्री को श्री अकाल तख्त साहिब से माफी मांगनी चाहिए-अनुप्रताप सिंह बराड़ इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए एडवोकेट अनुप्रताप सिंह बराड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होकर अपनी भूल की माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ऐसा नहीं करते हैं तो पंजाब के लोग और सिख संगत उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।