जगराओं में बैसाखी के अवसर पर आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा लगाए गए फ्लेक्स बोर्ड विवाद का विषय बन गए। इन बोर्डों पर अरविंद केजरीवाल के नाम के आगे “दिल्ली सीएम” लिखा हुआ था। इस खबर के सामने आने के बाद शहर में पार्टी की किरकिरी होने लगी, जिसके बाद AAP नेताओं ने इन फ्लेक्स बोर्डों पर “दिल्ली सीएम” शब्द के आगे सफेद रंग की टेप लगा दी। टेप लगे इन फ्लेक्स बोर्डों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। लोगों ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि AAP नेता पहले पंजाब के नेताओं की तस्वीरें फ्लेक्स पर नहीं लगाते और जब अपने शीर्ष नेता की तस्वीर लगाई तो उन्हें दिल्ली का मुख्यमंत्री बता दिया। शहर में आलोचना बढ़ने के बाद अब उस शब्द को छिपाने के लिए टेप का इस्तेमाल किया गया। इस फ्लेक्स विवाद को लेकर शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है। कई लोग इस पर चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि दिल्ली में भले ही नहीं, लेकिन पंजाब में सरकार के कुछ साल हैं, तभी तो सरकारी खंभों पर ऐसे बोर्ड लगाए गए हैं। भाजपा और दूसरे दलों ने भी इसपर तंज कसा। उनका कहना था कि दिल्ली तो गई। अब पंजाब सरकार भी कुछ दिन की।
भाजपा ने बोला हमला- पार्टी के नेता सपने देख रहे हैं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने भी इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी को घेरा और तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेता रजिंदर शर्मा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पंजाब में भी AAP सरकार की स्थिति डगमगाती नजर आ रही है और पार्टी नेता अभी से दिल्ली की कुर्सी के सपने देख रहे हैं। आप नेता की सफाई- गलती से लिख गया था इस पूरे मामले पर आम आदमी पार्टी के ब्लॉक प्रधान गुरप्रीत सिंह नोनी ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि ये होर्डिंग्स पार्टी के सोशल मीडिया इंचार्ज द्वारा डिजाइन किए गए थे और उसमें हुई गलती को स्वीकार किया जाता है। नोनी ने यह भी जानकारी दी कि बुधवार सुबह सभी होर्डिंग्स पर “दिल्ली सीएम” शब्द के आगे सफेद टेप लगा दी गई थी।
