धर्मशाला के बीच बाजार में युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने रविवार को पांच आरोपियों को अमृतसर से गिरफ्तार किया है। कोतवाली बाजार में 19-20 सितंबर की रात को गोली कांड हुआ था, जिसके सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। कांगड़ा पुलिस ने 32 घंटे के अंदर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी जसप्रीत सिंह है, जिसने वारदात के समय पिस्तौल से फायर किया था। पुलिस ने रविवार शाम को सभी आरोपियों का जोनल हॉस्पिटल धर्मशाला में मेडिकल कराया। सोमवार को इन्हें धर्मशाला की कोर्ट में पेश किया जाएगा। स्थानीय युवकों से हुआ विवाद
घटना आधी रात को हुई, जब कार सवार कुछ युवकों का स्थानीय युवकों से विवाद हो गया। इसी दौरान एक युवक पर पिस्तौल से गोली चला दी गई। गनीमत रही कि गोली एक युवक के गले को छूकर निकल गई, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। फायरिंग के बाद सभी आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पकड़े गए आरोपियों में जसप्रीत सिंह, रणजीत सिंह, अर्शप्रीत सिंह, जितेंद्र सिंह और नीरज शामिल हैं। सभी आरोपी पंजाब के बटाला क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। कांगड़ा पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।