अबोहर में आज यानी शनिवार को बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे पांच युवक घायल हो गए। हादसा सीतो मार्ग पर हुआ। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। युवक सहारनपुर से अबोहर आ रहे थे। सीतो मार्ग पर अचानक चलती बोलेरो के सामने कुत्ता आ गया। कुत्ते के आते ही ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन जल्दबाजी के चक्कर में बोलेरो डिवाइडर से टकरा गई, फिर पलट गई। इस हादसे में बोलेरो सवार पांच युवकों को हल्की चोटें आई है और उन्होंने अपने तौर पर इलाज करवाने की बात कही। सहारनपुर के रहने वाले अमन और उसके साथी काला टिब्बा में काम करते हैं। वे अबोहर से सामान लेकर काला टिब्बा जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। टीम में एएसआई कृष्ण कुमार, अरविंदर कुमार और शिव शंकर शामिल थे। उन्होंने घटना का जायजा लिया और रास्त से हाइड्रा मशीन की मदद से बोलेरो हटाई।
