सड़कों पर रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के खिलाफ सख्ती के दावे करने वाली लुधियाना ट्रैफिक पुलिस को खुद अपने ही घर के बाहर किया गया कब्जा दिखाई नहीं देता। मामला पुलिस लाइन गेट नंबर-2 का है, जहां गेट के ठीक सामने फास्टफूड की रेहड़ी लगाकर खुलेआम कब्जा किया गया है। पुलिस हेड क्वार्टर के बाहर ही इस तरह का कब्जा होना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। तस्वीर में साफ दिख रहा है कि रेहड़ी संचालक ने पुलिस लाइन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने टेबल और बैठने की व्यवस्था तक कर रखी है। यह तस्वीर अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो चुकी है, जहां शहरवासी पंजाब सरकार और ट्रैफिक विभाग से सवाल पूछ रहे हैं कि क्या नियम सिर्फ आम जनता के लिए हैं। मामले में जब ट्रैफिक जोन-7 की इंचार्ज सुनीता से बात की गई तो उन्होंने कहा, रेहड़ी-फड़ी हटवाना ट्रैफिक पुलिस का नहीं, नगर निगम का काम है। वहीं, एसीपी हेड क्वार्टर मंजीत सिंह पेलिया ने बताया, रेहड़ी को हटवाने की कार्रवाई रविवार को की जाएगी।