लुधियाना में जूता कारोबारी और फेसबुक इन्फ्लूएंसर गुरविंदर सिंह उर्फ प्रिंकल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रिंकल पर आरोप है कि उसने एक चैनल पर इंटरव्यू के दौरान अपने विरोधियों को पिस्टल दिखाकर धमकाया और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रचार किया। इसी मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने प्रिंकल पर बीएनएस की धाराएं 74, 75, 296, 356(1), 356(2), 79, 111 और आईटी एक्ट की धाराएं 67, 67-ए सहित आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है। यह मामला एडवोकेट गगनदीप सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। 2022 से चल रही वकील के साथ प्रिंकल की दुश्मनी
गगनदीप ने पुलिस को बताया कि मैं पेशे से वकील हूं और वर्ष 2022 में सिमरजीत सिंह बैंस, पूर्व विधायक के एक मामले में वकील के रूप में उपस्थित था। गुरविंदर सिंह प्रिंकल, पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस का विरोधी है, जिसके कारण प्रिंकल उसके खिलाफ रंजिश रखने लगा। गुरविंदर सिंह प्रिंकल ने पहले उसके खिलाफ और फिर पत्नी का चरित्र हीन शब्दों का इस्तेमाल सोशल मीडिया/फेसबुक पर पोस्ट की थी, जोकि निंदनीय है। इस संबंध उसने पुलिस थाने एक मामला नंबर-227 दिनांक 16.11.2022, धारा 509 आईपीसी, 67, 67-ए आईटी एक्ट थाना सराभा नगर लुधियाना में आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ प्रिंकल के खिलाफ दर्ज करवाया था। जेल से बाहर आते ही फिर देने लगा धमकियां
इस मामले में आरोपी को 19 अगस्त 2025 को गिरफ्तार किया गया था और उसकी जमानत की अर्जी अदालत द्वारा 30 अगस्त 2025 को स्वीकार कर ली गई थी। आरोपी 31 अगस्त 2025 को जेल से बाहर आ गया था। आरोपी ने जेल से बाहर आने के मात्र 24 घंटे के भीतर ही सोशल मीडिया, फेसबुक और वॉट्सऐप पर फिर से गलत और भद्दी भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। आरोपी ने 1 सितंबर को लगभग 8 बजे एक न्यूज चैनल पर इंटरव्यू कर बदतमीजी और भद्दी भाषा का प्रयोग किया। एडवोकेट ने दी शिकायत में कहा कि प्रिंकल ने इंटरव्यू यह कहा कि “मेरा मतलब मुझे महसूस हुआ कि जब मैं मुक्त हो गया तो दूसरी पार्टी पूरी तरह से खस्सी (नकारा) है। उनके टांगों में जान नहीं है। आरोपी ने चैनल को दिए इंटरव्यू में उनके खिलाफ काफी गलत शब्दों का उपयोग किया है। जिसके बाद 4 सिंतबर को प्रिंकल ने सोशल मीडिया पर लड़ने के लिए चैलेंज किया और सोशल मीडिया पर अपने लाइसेंसी हथियार दिखाए। इस तरह प्रिंकल ने सोशल मीडिया पर हथियारों को प्रमोट करके डराने की कोशिश की। जिसको लेकर अब इस नए मामले में प्रिंकल के खिलाफ एडवोकेट ने पुलिस थाने मामला दर्ज करवाया है। पुलिस प्रिंकल को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेशी के लिए लेकर आई है।
