भास्कर न्यूज | जालंधर मॉडल हाउस इलाके में बाइक चोरी करने का प्रयास करते दो युवकों में से एक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों दबोच लिया। गुस्से में आए लोगों ने पुलिस को बुलाने से पहले आरोपी की जमकर पिटाई की, जबकि उसका दूसरा साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित शुभम ने बताया कि वह पार्क में अपनी बेटी को कुछ खिला रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर अपनी बाइक पर पड़ी, जिसमें युवक चाबी लगाने की कोशिश कर रहा था, जबकि दूसरा साथी पार्क के अंदर ही खड़ा होकर निगरानी कर रहा था। शुभम ने जैसे ही शोर मचाया, आरोपी भागने लगे। शुभम ने दिलेरी दिखाते हुए पीछा किया और आरोपी अनुज को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान अनुज ने कबूल किया कि उसका साथी ही बाइक का लॉक खोलने की कोशिश कर रहा था और वह मौका पाकर दूसरी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अनुज को हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि चोरी के प्रयास की शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब फरार साथी की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। बाइक चोरी करने आए चोरों की पिटाई करते हुए लोग।
