भास्कर न्यूज | अमृतसर मजीठा–वेरका बाइपास रोड स्थित बाबा श्री चंद एवेन्यू में 829 रजिस्ट्रियों पर रेड लाइन लगाए जाने को लेकर प्रभावित लोग बुधवार को डिप्टी कमिश्नर से मुलाकात करेंगे। इलाके के लोगों का कहना है कि कोर्ट से लगे स्टे के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है। रविवार को समूह लोगों ने एक बैठक की और अगली रणनीति तैयार की, जिसमें फैसला लिया गया है कि वह अपनी सारी बात डिप्टी कमिश्नर के समक्ष रखेंगे। हालांकि इस संबंधी वह पहले भी डीसी से मिले थे, लेकिन उनकी समस्या का कोई भी उचित हल नहीं निकला है। इलाकावासियों की मुश्किलें सुनने के लिए अखाड़ा घमंडा दास बेरी वाला के महंत प्रताप दास भी पहुंचे और उन्होंने लोगों की हर समस्या का हल करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि एक तीसरे व्यक्ति ने स्वयं को महंत और सेवादार बताते हुए अदालत से स्टे ले लिया, जिसके बाद प्रशासनिक रिकॉर्ड में 829 रजिस्ट्रियों पर रेड लाइन दर्ज कर दी गई। उन्होंने कहा कि बाबा श्री चंद एवेन्यू में रह रहे लोगों पर किसी तरह का कोई खतरा नहीं है। जिस व्यक्ति ने अदालत में केस दायर किया है, उसने गलत तथ्यों के आधार पर स्टे लिया है और अदालत को गुमराह किया गया है। महंत प्रताप दास ने कहा कि अब अखाड़ा स्वयं अदालत में पक्षकार बनेगा और लगाए गए स्टे को तुड़वाने की कोशिश करेगा। अप्रैल 2026 तक समस्या से निजात दिला दी जाएगी।
