भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब स्टेट मास्टर्स रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में मयंक बहल और लखविंदर पाल दोहरे खिताब जीतने में सफल रहे। 40+ वर्ग में मयंक बहल तो 45+ वर्ग में लखविंदर पाल सिंह ने एकल और युगल दोनों मुकाबलों में जीत हासिल की। फाइनल दिन का मुख्य आकर्षण 35+ पुरुष युगल का फाइनल मुकाबला रहा, इसमें अमृतसर की जोड़ी अक्षित कुमार और नवजोत सिंह भुल्लर ने जालंधर के अभिनव बहरी और आनंद बुध शर्मा को कड़े मुकाबले में हराया। राष्ट्रीय पदक विजेता राम लक्खन और अनुपम कुमरिया ने भी अपने आयु वर्ग में खिताब जीतकर उम्मीदों पर खरा उतरते हुए शानदार प्रदर्शन किया। पुरस्कार वितरण समारोह में पंजाब एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मंगल सिंह बस्सी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना ने बताया कि इस चैंपियनशिप में पंजाब भर से करीब 200 अनुभवी खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिन्होंने 35+ से 70+ आयु वर्ग की 13 स्पर्धाओं में मुकाबला किया। उन्होंने बताया कि अगली पंजाब स्टेट मास्टर्स चैंपियनशिप फरवरी में फरीदकोट में आयोजित की जाएगी, और दोनों टूर्नामेंटों के विजेता मार्च में श्रीनगर में होने वाली नेशनल मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप में पंजाब का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऐसे रहे परिणाम : फाइनल नतीजों में 65+ पुरुष एकल में अनुपम कुमरिया (लुधियाना) ने खिताब जीता। 60+ पुरुष युगल में राम लखन और संजय पासी (जालंधर) विजेता बने, जबकि राम लखन ने 60+ पुरुष एकल खिताब भी अपने नाम किया। 55+ पुरुष एकल में राजेश ग्रोवर (लुधियाना) विजेता रहे। 50+ वर्ग में मोहम्मद सलीम (पीएसपीसीएल) ने एकल और संदीप शर्मा के साथ युगल दोनों खिताब जीते। 45+ वर्ग में लखविंदर पाल सिंह और राजेश गांधी ने युगल तथा लखविंदर पाल सिंह ने एकल खिताब जीता। 40+ पुरुष युगल में अनुज धंड और मयंक बहल विजेता बने, जबकि मयंक ने 40+ पुरुष एकल खिताब भी जीता। अन्य मुकाबलों में 35+ महिला एकल में डॉ. जसनीत कौर जोहर (पठानकोट) और 35+ पुरुष एकल में रविजोत (रोपड़) विजेता बने।
