अबोहर में आज यानी गुरुवार को सांप के काटने से व्यक्ति की मौत हो गई। बारेंकां गांव में भारत-पाकिस्तान सीमा पर तारबंदी का काम कर रहे व्यक्ति को सांप ने डसा था। मृतक की पहचान 55 वर्षीय राजपाल के रूप में हुई है। यह घटना आज दोपहर हुई। राजपाल पिछले कई महीनों से एक निजी कंपनी के माध्यम से सीमा पर तारबंदी के काम में लगा हुआ था। परिजनों ने बताया कि हाल ही में आई बाढ़ के कारण काम रुक गया था, लेकिन पानी कम होने के बाद इसे फिर से शुरू किया गया था। आज दोपहर राजपाल अन्य मजदूरों के साथ तारबंदी कर रहा था, तभी एक सांप ने उसके पैर पर डंस लिया। सांप के डंसते ही वह मूर्छित होकर गिर पड़ा। आसपास के मजदूर उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक राजपाल दो बच्चों, एक लड़के और एक लड़की का पिता था। थाना सदर पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। खुईखेड़ा के एएसआई कुलदीप सिंह ने बीएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
