कपूरथला में रिटायर्ड महिला कर्मचारी से चेन स्नैचिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस घटना में चोरी की चेन खरीदने वाले एक सुनार को भी एफआईआर में नामजद किया गया है। हालांकि, दूसरा लुटेरा अभी भी फरार है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। सिटी थाना एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनदीप कुमार, निवासी गांव औजला जोगी के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर चोरी के गहने खरीदने वाले सुनार जॉनी महाजन को भी मामले में नामजद किया गया है। पुलिस जॉनी महाजन की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। गले से सोने की चेन झपटी
पीड़ित रिटायर्ड महिला कर्मी अंजू बाला, निवासी अजीत नगर, 4 सितंबर को अपने पति सुरिंदर कुमार के साथ स्कूटी पर एक निजी अस्पताल जा रही थीं। मॉल रोड से कमरा बाग होते हुए एसएसपी कोठी की तरफ जाते समय, पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। लुटेरे एसएसपी कोठी चौक से होते हुए कॉलेज की तरफ फरार हो गए। महिला और उनके पति ने उनका पीछा भी किया और शोर भी मचाया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसएचओ अमनदीप नाहर के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई, जिसके बाद एक झपटमार को काबू कर लिया गया।
