फाजिल्का में पंजाब स्टूडेंट यूनियन के छात्र-छात्राओं द्वारा गुरुवार को शहरभर में रोष रैली निकालते हुए डिप्टी कमिश्नर दफ्तर का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। हालांकि मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। जिन्होंने डीसी दफ्तर का गेट बंद कर दिया, लेकिन गेट के समक्ष इकट्ठा हुए छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नई शिक्षा नीति को रद्द करने और बाढ़ पीड़ित विद्यार्थियों की फीस माफ करने की मांग की । पंजाब स्टूडेंट यूनियन के जिला अध्यक्ष कंवलजीत और जिला सचिव ममता रानी ने बताया कि वह सभी फाजिल्का के सरकारी एमआर कॉलेज के छात्र हैं। जहां पर रोजाना लेक्चर लग रहे हैं। लेकिन नई शिक्षा नीति के तहत चार सब्जेक्ट बढ़ा दिए गए हैं, जिनका कोई आधार नहीं है और बेवजह उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेमेस्टर सिस्टम लागू किया गया है। जिससे वह दूसरी एक्टिविटी नहीं कर पा रहे है। बाढ़ पीड़ित छात्रों की फीस माफ करने की मांग ऐसे में उनके द्वारा सेमेस्टर सिस्टम को एनुअल सिस्टम करने, नई शिक्षा नीति को रद्द करने की मांग की जा रही है । इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि फाजिल्का के सरहदी इलाके में आई बाढ़ की वजह से काफी लोगों को आर्थिक तौर पर नुकसान हुआ है । जिसके लिए सरहदी इलाके में बाढ़ प्रभावित छात्रों की फीस माफ करने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार सुनवाई नहीं करेगी तो संघर्ष तेज किया जाएगा ।