Jobs in IT Sector: ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स यानी GCCs आईटी सर्विस कंपनियों की तुलना में 4 गुना अधिक रफ्तार से टेक टैलेंट की भर्ती कर रहे हैं। यह पिछले एक दशक में भारत के आईटी सेक्टर में जॉब्स से जुड़ा सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है। ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स का नाम आपने सुना होगा। ये मल्टीनेशनल कंपनीज की पूर्ण स्वामित्व वाली ऑफशोर यूनिट्स होती हैं। आईटी, आरएंडडी, फाइनेंस और कस्टमर सर्विस जैसे कामों को आउटसोर्स करने की बजाय इन यूनिट्स द्वारा इन-हाउस ही कराया जाता है। भारत जैसी जगहों पर ये यूनिट्स स्थापित कर स्पेशलाइज्ड टैलेंट का फायदा उठाया जाता है। इससे लागत घटती है और इनोवेशन को बढ़ावा मिलता है। भारत के जीसीसी एयरोस्पेस, डिफेंस, सेमीकंडक्टर, इंजीनियरिंग आरएंडडी, इनोवेशन सेंटर्स और ग्लोबल ऑपरेशंस में रणनीतिक भूमिका निभा रहे हैं।
