चंडीगढ़ में अब कहीं भी कुत्तों को खाना नहीं खिला पाएंगे। ऐसा किया तो नगर निगम जुर्माना ठोक सकता है। निगम ने कुत्तों को फीड देने के लिए 200 पॉइंट फिक्स कर दिए हैं। हर सेक्टर में डॉग लवर्स को 4 से 5 पॉइंट मिलेंगे। चंडीगढ़ नगर निगम ने सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद यह फैसला लिया है। इस संबंध में निगम ने म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन चंडीगढ़ पेट एंड कम्युनिटी डॉग बायलॉज-2025 बना दी है। निगम अफसरों का तर्क है कि ये जगहें फील्ड सर्वे और सेक्टरवाइज आकलन कर तय किए गए हैं। यहां कुत्तों की मूवमेंट से लेकर किसी तरह के झगड़े से बचाव को भी ध्यान में रखा गया है। निगम ने शहरियों से मांगे सुझाव डॉग फीडिंग के 200 पॉइंट फिक्स करने के बाद निगम ने प्रोफार्मा जारी किया है। इसमें लोगों, संगठनों और रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी से ऑब्जेक्शन और सुझाव मांगे गए हैं। निगम का कहना है कि वह 7 दिन के भीतर इन स्पॉट पर अपने सुझाव, ऑब्जेक्शन और नए फीडिंग स्पॉट के बारे में बता सकते हैं। अगर कोई नया स्पॉट बताया जाता है तो उसमें यह भी बताना होगा कि वह जगह क्यों सही है? इसमें बच्चों के खेलने की जगह से दूरी, ट्रैफिक में प्रॉब्लम न होना, कुत्तों की पहले से मौजूदगी जैसे पॉइंट भी देखने होंगे। निगम की तरफ से जारी प्रोफार्मा.. डॉग स्पॉट की लिस्ट यहां से लें
निगम की वेबसाइट https://mcchandigarh.gov.in/ पर क्लिक करें। वहां राइट साइड में Draft Community Dog Feeding Points–Public Suggestions Invited 2025-12-09 पर क्लिक करें। इसके बाद पूरी पॉलिसी देख सकते हैं। इसमें पूरे शहर में 200 पॉइंट की सेक्टरवाइज लिस्ट दी गई है। उनके लैंडमार्क और GPS से भी लोकेशन दी गई है। यहां से पूरी जानकारी ले सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने लिया था संज्ञान, दिए थे सख्त आदेश
देश में बढ़ रहे रैबीज के मामलों को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने खुद इसका संज्ञान लिया था। इस पर चली कई दिनों की सुनवाई के बाद आदेश दिए थे कि पूरे देश में कुत्तों की नसबंदी की जाए। उनकी फीडिंग के लिए जगह निर्धारित की जाए। जिस पर चंडीगढ़ में अमल शुरू हो गया है।
