इस्कॉन की श्रीश्री गौर निताई कृष्ण बलराम रथ यात्रा 13 दिसंबर को लारेंस रोड बिजली पहलवान मंदिर के बाहर से निकाली जाएगी। जिसके लेकर रथ यात्रा कमेटी ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं कमेटी के सदस्यों द्वारा रथ को रंग रोगन और नई बैटरी लगाकर न्यू अमृतसर में खड़ा कर दिया है ताकि यात्रा दौरान किसी किस्म की कोई दिक्कत न आए। वहीं रथ यात्रा को लेकर परम पूजनीय नवयोगेन्द्र स्वामी जी महाराज 9 दिसंबर को दोपहर साढ़े 3 बजे एयरपोर्ट से वृंदावन गार्डन के श्रीश्री गौर निताई मंदिर में पहुंचेंगे। जबकि 13 दिसंबर दोपहर को रथ यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें भक्त 7 टन वजनी रथ को आस्था की रस्सी से बांधकर खीचेंगे ताकि शहर के लोग कृष्ण-बलराम जी के दर्शन कर सकें। रथ यात्रा कमेटी की ओर से भगवान के रथ को 12 दिसंबर को 2 क्विंटल फूल, 45 मीटर गोटा जड़ित कपड़े से सजाया जाएगा। कृष्ण भक्त पंकज गुप्ता ने बताया कि भगवान के रथ को साल 2004 से तैयार किया था। लोहे के 7 टन वजनी रथ को डेढ़-डेढ़ सौ फीट यानि 100 मीटर के मोटे रस्सों से बांधा जाता है। इन रस्सों को 15 हजार से ज्यादा भक्त आस्था के साथ अपने हाथों से खींचते हैं।