भास्कर न्यूज | बठिंडा श्री नारायण चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 17 से 25 दिसंबर तक श्री हनुमान चौक के नजदीक स्थित लॉर्ड रामा स्कूल में श्री राम कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा के बारे में जानकारी देने के लिए रविवार को ट्रस्ट द्वारा विशेष प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें शहर की विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रमुख नेता एक मंच पर दिखाई दिए। प्रेसवार्ता को वीआरसी ग्रुप के एमडी दर्शन गर्ग, कांग्रेस के जिला प्रधान राजन गर्ग, विधायक जगरूप सिंह गिल और भाजपा जिला प्रधान सरूप चंद सिंगला ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। नेताओं ने बताया कि श्री राम कथा का आयोजन महामंडलेश्वर स्वामी प्रखर महाराज के सानिध्य में किया जा रहा है। कथावाचक स्वामी डॉ. राघवाचार्य महाराज अयोध्या वाले श्रीराम कथा का वाचन करेंगे। उन्होंने बताया कि स्वामी राघवाचार्य महाराज देश-विदेश में वेद, पुराण और रामायण के प्रचार-प्रसार के लिए प्रसिद्ध हैं। उनकी कथाएं जीवन में धर्म, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को सरल भाषा में समझाने के लिए जानी जाती हैं। स्वामी राघवाचार्य ने बठिंडा की जनता से विशेष अपील की कि वे प्रतिदिन कथा में भाग लें और संपूर्ण परिवार सहित पुण्य लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि कथा स्थल पर भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियां और रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंग आधुनिक संदर्भों के साथ प्रस्तुत किए जाएंगे। कथा से एक दिन पहले 16 दिसंबर को शाम 3 बजे पोस्ट ऑफिस बाजार स्थित बंगले वाली धर्मशाला से विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों से होती हुई श्री हनुमान चौक के नजदीक कथा स्थल लॉर्ड रामा स्कूल में समाप्त होगी। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी। ट्रस्ट सदस्यों व राजन गर्ग ने कहा कि बाहरी शहरों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क रहने और भोजन आदि का प्रबंध किया गया है। कथा स्थल पर प्रवेश के लिए किसी भी तरह का पास जारी नहीं किया जाएगा और पहले आने वालों को आगे की सीट मिलेगी। प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कथा स्थल तक पहुंचाने के लिए ट्रस्ट द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों से ई–रिक्शा सेवा भी चलाई जाएगी, जिससे वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को कथा स्थल तक पहुंचने में आसानी रहे। कथा के आयोजन में पीसीए प्रधान अमरजीत सिंह मेहता और मेयर पदमजीत मेहता का विशेष सहयोग रहेगा। इसके अलावा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और समाजसेवी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल बनाने के लिए सदस्यों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। कई समाजसेवी संस्थाएं इसमें सहयोग कर रही हैं। इस अवसर पर विजय जिंदल ठेकेदार, सुखदीप ढिल्लों, अशोक गर्ग, एमआर जिंदल, नरेंद्र बस्सी, बिमल मित्तल, अनिल भोला, शाम बिहारी गोयल, तरसेम गर्ग, रमणीक वालिया, रविंदर सिंगला, पंकज डिंपी, यश, मोनू गर्ग, सुरिंदर मोहन भोला, रमेश बांसल, विक्की, रूपिंदर बिंद्रा, बलजीत सिंह, विपिन जिंदल, राकेश कांसल, रवि गर्ग, ईश्वर गर्ग, पंडित मुकेश शास्त्री, प्रणव शेरू, यश गक्खड़, गौरव गोयल, संजीव सिंगला, डिंपल आदि मौजूद रहे। बाहर से आए श्रद्धालुओं के लिए रहने और खाने का प्रबंध
