नौजवानों को नशे से निकालने के लिए पंजाब राज्य कानूनी सेवा अथॉरिटी द्वारा सिविल जज सीनियर डिवीजन राजविंदर कौर की अध्यक्षता में कानूनी सहायता पैनल व वकीलों के सहयोग से एडीआर सेंटर में बैठक की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यूथ अगेंस्ट ड्रग्स मुहिम को जिले के हर हिस्से तक पहुंचना है ताकि नौजवानों को नशे की लत से बाहर निकाला जा सके। बैठक में सिविल जज राजविंदर कौर ने कहा कि नौजवानों को नशा छोड़कर पढ़ाई व अन्य गतिविधियों में हिस्सा लेना चाहिए जिससे वह नशे से दूर रहकर समाज में ऊंचा मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशे का त्याग कर नौजवान समाज को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की की इस मुहिम में जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी की सहायता की जाए ताकि नशे की दलदल में धंसे नौजवानों को बाहर निकाला जा सके।
