पूर्व सीएम वसुंधरा राजे गुरुवार को एक दिवसीय बालोतरा दौरे पर पहुंची। इस दौरान कल्याणपुर में कार्यकर्ता वसुंधरा से शिकायत करते नजर आए। बोले कि आपके आने की हमें कोई सूचना नहीं दी गई। हम हमारी मर्जी से आए हैं। 1996 से पूर्व प्रधान उम्मेदसिंह अराबा के साथ में हम बीजेपी कार्यकर्ता हैं। तब वसुंधरा राजे ने पचपदरा विधायक की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आपने इनको बताया नहीं। पूर्व सीएम के सामने बोले- वोट आते हैं तब कार्यकर्ता की जरूरत पड़ती है विधायक ने कहा- सबको बताया, प्रधान, दौलाराम को बताया। सूचना मंडल अध्यक्ष और प्रधान सूचना देंगे। कार्यकर्ता जगदीश दर्जी बोलने लगे कि वोट आते हैं तब कार्यकर्ताओं की जरूरत पड़ती है। तब वसुंधरा राजे ने कहा- देखो भईया हम लोग कहीं पर जाते हैं तो हमारी इनफॉर्मेशन जिलाध्यक्ष को जाती है। जिलाध्यक्ष के साथ मंडल अध्यक्ष को सूचना जाती है। अब यह उनकी जिम्मेदारी है। हम लोग सबको तो सूचना दे नहीं सकते हैं। कार्यकर्ता बोला कि हमें न तो जिलाध्यक्ष और न ही मंडल अध्यक्ष ने सूचना दी। 1996 से आपके कार्यकर्ता हैं। विधायक की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आप सब क्यूं गुस्सा होते हो। दरअसल पूर्व सीएम वसुधरा राजे ने बालोतरा में नव निर्मित संत श्री राजेश्वर भगवान मंदिर में गुरुवार को तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शिरकत करने के लिए पहुंची थी। दोपहर करीब 1 बजे जब कल्याणपुर पहुंची तो पचपदरा विधायक अरूण चौधरी और सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने उनका स्वागत किया। इस दौरान स्व. उम्मेदसिंह आराबा की प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर बैनर का विमोचन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से बातचीत भी की। वरघोड़े में 65 रथ शामिल थे महोत्सव के पहले दिन एक विशाल जल यात्रा और वरघोड़ा निकाला गया। इसमें चौधरी कलबी समाज के हजारों लोग शामिल हुए। शोभायात्रा में बैंड-बाजा, ढोल-थाली, हाथी, घोड़े और ऊंट आकर्षण का केंद्र रहे। देव प्रतिमाओं का नगर भ्रमण कराया गया, जबकि लाभार्थी परिवार सजे-धजे रथों पर सवार थे। वरघोड़े में कुल 65 रथ शामिल थे। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी एक रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण में शामिल हुईं। उन्होंने मार्ग में खड़े समाजजनों और शहरवासियों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। कई स्थानों पर समाजसेवी संस्थाओं ने फूल वर्षा कर उनका स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा-बालोतरा में संत श्री राजेश्वर भगवान का भव्य मंदिर बनना पूरे राजस्थान और समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए कहा कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज की शक्ति को बढ़ाते हैं। जगदीश दर्जी का कहना है कि मैं बीजेपी से 1996 से जुड़ा हुआ है। कल्याणपुर मंडल के ओबीसी महामंत्री पद 2022 से 2024 तक रहा हूं।