टोंक शहर समेत जिलेभर में रोशनी और उत्साह के साथ दिवाली मनाई जा रही हैं। रोशनी के इस पर्व पर धनतेरस से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला दीपावली के दिन रविवार को भी चरम पर रहा, जहां दिनभर बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी रही। वहीं, शाम ढलते ही घरों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन किया गया। रात होते ही आतिशबाजी से पूरा आसमान रंग-बिरंगी रोशनी और पटाखों की गूंज से सराबोर हो गया। इस दौरान लोगों ने घरों में गाय की भी पूजा की। दिनभर खरीदारी में व्यस्त रहे लोग, बाजारों में रही रौनक
दीपावली के दिन सुबह से ही बाजारों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। आखिरी समय तक पूजा की सामग्री, नए वस्त्र, मिठाइयां, और उपहार खरीदने के लिए दुकानों पर लोगों का तांता लगा रहा। इलेक्ट्रॉनिक्स, आभूषण, और सजावटी सामान, दीपकों की दुकानों पर खासी रौनक रही। व्यापारियों के चेहरों पर अच्छी बिक्री से चमक दिखाई दी। भव्य तरीके से हुआ लक्ष्मी-गणेश पूजन
शाम को शुभ मुहूर्तों में घरों, दफ्तरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन किया गया। लोगों ने घरों को रंग-बिरंगी लाइटों, दीयों और फूलों की सुंदर रंगोलियों से सजाया था। मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ मां लक्ष्मी का आह्वान किया गया ताकि घर में सुख, समृद्धि और शांति का वास हो। इसके बाद एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की बधाइयां देने का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। आतिशबाजी से जगमगाया आसमान
पूजन के बाद बच्चों से लेकर बड़ों ने जमकर आतिशबाजी की। फुलझड़ियों, पटाखों और रंग-बिरंगे आसमान छूते रॉकेटों से आकाश में रोशनी सी हो गई। बच्चों में आतिशबाजी को लेकर खासा उत्साह देखा गया। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
