धौलपुर शहर और जिलेभर में गुरुवार को दीपावली मनाई गई। लोगों ने घरों और दुकानों की सफाई कर सजावट की। शाम को दीपक, मोमबत्ती और रंगीन झालरों से घर, बाजार और सड़कें रोशन हुईं। बाजारों में दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। मिठाई, पूजा सामग्री, दीपक, फूल-माला, सजावटी सामान और पटाखों की दुकानों पर लोग खरीदारी करते दिखे। शाम को लोगों ने घरों और दुकानों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की। इसके बाद मुख्य दरवाजों पर दीपक जलाए और रंगोली सजाई। पूजा के बाद बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी की। लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों को मिठाई बांटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। देर रात तक मोहल्लों में उत्सव का माहौल रहा। दीपावली पर सुरक्षा ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाने के लिए कार्यवाहक सीओ सिटी धर्म सिंह मीणा और कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव अलग-अलग ड्यूटी पॉइंट पर पहुंचे। एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर पुलिसकर्मियों की बाजारों और मोहल्लों में 24 घंटे की सुरक्षा ड्यूटी लगाई गई थी। अधिकारियों ने अलग-अलग जगह तैनात जवानों को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी के साथ त्योहार मनाया।