डीग जिले में सरपंच चुनाव के परिणाम आने के बाद चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। सरपंच पद के चुनाव में इमरान और फौजी खान आमने-सामने थे। चुनाव में इमरान वकील की जीत हुई थी। वहीं फौजी को हार का सामना करना पड़ा था। डीग के पहाड़ी थाना क्षेत्र के गंगोरा गांव में रविवार दोपहर करीब 2 बजे यह घटना हुई। पीड़ित शौकत के परिवार का आरोप है कि हमने चुनाव में फौजी खान को वोट दिया था। इसी रंजिश के चलते इमरान पक्ष के लोगों ने हमारे परिवार को निशाना बनाया। पीड़ितों के मुताबिक- बड़ी संख्या में लोग अचानक हमारे घर पहुंचे और हमला कर दिया। इस दौरान घर पर पथराव, सामान में तोड़फोड़ और फायरिंग की गई। पीड़ित पक्ष का दावा है कि हमले के समय करीब 200 लोग मौके पर मौजूद थे। कई लोग हुए घायल, अलवर में किया रेफर घटना में अनीसता, शौकत और शाहरुख उर्फ कैफ को चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष ने कहा- हमारे शरीर पर छर्रे लगे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। परिवार का आरोप है कि चुनाव परिणाम आने के बाद हमने विवाद खत्म कर सुलह करने की कोशिश भी की थी। इसके बावजूद हम पर हमला किया गया। अनीसता, शौकत और शाहरुख का अलवर जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
