खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स राजस्थान 2025 के 10वें दिन चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने कैनोइंग और कयाकिंग स्पर्धाओं में दबदबा दिखाते हुए 10 में से 9 गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिए। साथ ही यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों ने बुधवार को कुल 10 मेडल जीतकर कुल पदक संख्या 33 कर ली। ओवरऑल टैली में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी 33 गोल्ड, 13 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई। इसके साथ ही सवाई मानसिंह स्टेडियम के एथलेटिक्स ट्रैक पर चार और मीट रिकॉर्ड टूटे। ऐसे में अब तक KIUG एथलेटिक्स में कुल 9 मीट रिकॉर्ड बन चुके हैं। वहीं बुधवार को जयपुर की राजस्थान यूनिवर्सिटी में एक खिलाड़ी के चोटिल होने के बाद जब एम्बुलेंस उसे लेने के लिए पहुंची। तो एम्बुलेंस ग्राउंड की मिट्टी में ही फंस गई। इसकी वजह से खिलाड़ी को काफी परेशान होना पड़ा। एथलेटिक्स में चार नए मीट रिकॉर्ड
बुधवार को महिलाओं की ट्रिपल जंप, पुरुषों की 110मी हर्डल्स, महिलाओं की डिस्कस थ्रो और पुरुषों की 4×400मी रिले में नए KIUG मीट रिकॉर्ड बने। मुंबई यूनिवर्सिटी रेस में लगभग पूरा समय आगे रही, लेकिन पंजाब यूनिवर्सिटी के लोकेश सिंह गुर्जर ने अंतिम 100 मीटर में यश जोशी को पीछे छोड़कर टीम को 3:12.40 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड दिलाया। मुंबई की 3:12.73 सेकेंड की टाइमिंग भी पिछले मीट रिकॉर्ड से बेहतर रही। शिंटोमोन सीबी ने तोड़ा 110 मीटर का रिकॉर्ड
महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी के शिंटोमोन सीबी ने शुरुआत से अंत तक बढ़त बनाए रखी और 14.32 सेकेंड के साथ नया रिकॉर्ड बनाया। पिछले रिकॉर्डधारी विकास खोड़के ने 14.516 सेकेंड के साथ सिल्वर जीता। वहीं गुरु काशी यूनिवर्सिटी की सान्या यादव ने महिलाओं की डिस्कस थ्रो में 50.73 मीटर फेंककर नया मीट रिकॉर्ड बनाया। अलीना टी साजी ने ट्रिपल जंप रिकॉर्ड तोड़ा
महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी की अलीना ने 13.09 मीटर की जंप लगाकर रिकॉर्ड तोड़ा। पंजाब यूनिवर्सिटी की अर्शदीप कौर ने 12.80 मीटर के साथ सिल्वर जीता। कैनोइंग और कयाकिंग में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी का जलवा
उदयपुर में आयोजित स्पर्धाओं में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने महिलाओं में C-1, C-2, K-1, K-2 और K-4 के साथ पुरुषों में K-1, K-2, K-4 व C-2 में गोल्ड जीते। केवल पुरुषों की C-1 स्पर्धा में गुरु काशी यूनिवर्सिटी के टोंगब्रम रोशन सिंह ने गोल्ड जीतकर CU का क्लीन स्वीप रोका। सरबजोत–पलक की जोड़ी ने जीता गोल्ड
जगतपुरा शूटिंग रेंज में ओलिंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सरबजोत सिंह और पलक ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में केएलईएफ यूनिवर्सिटी को 17-15 से हराकर गोल्ड जीता। फुटबॉल और हॉकी में रोमांचक फाइनल
महिला फुटबॉल मुकाबले चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी भिवानी ने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी को 2-0 से हराकर गोल्ड जीता। जबकि महिला हॉकी में केआईआईटी ने इतिहास रचते हुए अपना पहला हॉकी गोल्ड जीता। आईटीएम यूनिवर्सिटी को 1-0 से हराया। जबकि पुरुष हॉकी में गुरुकुल कांगड़ी यूनिवर्सिटी ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ को 5-1 से हराकर खिताब जीता। टेबल टेनिस में जोधपुर में खेले गए फाइनल में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने 0-2 से पिछड़ने के बावजूद चितकारा यूनिवर्सिटी को 3-2 से हराया। वहीं महिलाओं में चितकारा यूनिवर्सिटी ने गोल्ड जीता। KIUG का पांचवां एडिशन राजस्थान के सात शहरों में हो रहा है। इसमें 222 यूनिवर्सिटी के 4448 खिलाड़ी 23 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। गेम्स का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और राजस्थान स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल मिलकर कर रहे हैं, जबकि मेजबानी पूर्णिमा यूनिवर्सिटी कर रही है।