जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार शाम इंडिगो एयरलाइन की 9 फ्लाइट्स लेट हो रही हैं। एयरलाइन में क्रू की कमी, बिगड़ी संचालन व्यवस्था के कारण घंटों देरी से उड़ान भर रही हैं। इसकी वजह से पैसेंजर्स को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि एयरलाइन की ओर से ऑपरेशनल रीजन बताकर लगातार समय बदले जा रहे हैं। बुधवार शाम की पहली बड़ी देरी मुंबई रूट पर रही। इंडिगो की फ्लाइट 6E-5324 शाम 7 बजकर 5 मिनट पर उड़ान भरनी थी। जो 8 बजकर 45 मिनट पर मुंबई के लिए रवाना हो सकी। इसी तरह हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट 6E-6481 भी करीब ढाई घंटे लेट रात 10 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी। इन रूट के पैसेंजर भी परेशान होते रहे
बेंगलूरु रूट पर भी देरी का असर दिखा। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-373 जिसे रात 9 बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरनी थी। वह अब रात 10 बजकर 50 मिनट पर उड़ान भरेगी। दिल्ली की फ्लाइट 6E-5136 भी डेढ़ घंटे से ज्यादा लेट है, जो अब रात 1 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी। वहीं मुंबई की ही दूसरी फ्लाइट 6E-5166 लगभग एक घंटे की देरी के साथ रात 12 बजकर 55 मिनट पर उड़ सकेगी। इंडिगो की हैदराबाद फ्लाइट 6E471 एक घंटे से ज्यादा लेट होकर शाम 6 बजकर 25 मिनट पर उड़ान भरी। वहीं चेन्नई की 6E-694 करीब दो घंटे की देरी के साथ शाम 7 बजकर 15 मिनट पर, देहरादून की फ्लाइट 6E-7468 सवा घंटे देरी से शाम 6 बजकर 50 मिनट और अहमदाबाद की फ्लाइट 6E-7524 डेढ़ घंटे की देरी के बाद शाम 7 बजकर 40 मिनट रवाना हो सकी। इंडिगो की आने वाली फ्लाइट भी हाे रहीं लेट
जयपुर एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक इन दिनों इंडिगो क्रू की कमी के साथ कई एयरक्राफ्ट में तकनीकी और संचालन से जुड़े कारणों का सामना कर रही हैं। इसकी वजह से रोजाना कई फ्लाइट्स आने-जाने में लेट हो रही हैं। यही कारण है कि इंडिगो एयरलाइंस के माध्यम से जयपुर से ट्रैवल करने वाले पैसेंजर्स को काफी परेशान होना पड़ रहा है।
