झील में हजारों की संख्या में नजर आ रहे प्रवासी पक्षी सांभरलेक (जयपुर)| सांभरझील से सुखद तस्वीर है। यहां अक्टूबर माह के अंत में हजारों देशी विदेशी पक्षियों पर एवियन बॉटुलिज्म बीमारी का खतरा मंडरा गया था और सैंकड़ों पक्षी मृत पाए गए थे लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। बीमारी का खतरा टल गया है। झील में हजारों की संख्या में देशी विदेशी पक्षी देखे जा सकते हैं। यह पक्षी साइबेरिया सहित कई देशों से हजारों किलो मीटर की उड़ान भरकर शीतकाल में प्रवास के लिए यहां आते हैं। वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर गौरव दाधीच के मुताबिक झील में सर्वाधिक संख्या फ्लेमिंगो की है जो झुंड में हजारों की तादाद में कलरव कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस साल बारिश अधिक होने से झील में पानी अधिक आया है इस कारण पक्षी भी अधिक आए हैं। पशु पालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि सांभरझील में अक्टूबर माह के अंत में और नवंबर माह की शुरुआत में करीब 153 पक्षी मृत पाए गए थे जो डीडवाना कुचामन जिले की सीमा में नावां इलाके में स्थित झील में मिले थे। वहीं जयपुर जिले की सीमा में स्थित सांभरझील में दो पक्षी मृत पाए गए थे। फोटो: गौरव दाधीच/रूपचंद गुर्जर
