चित्तौड़गढ़ में युवक कांग्रेस ने अपने 100 दिन के विशेष अभियान “युवा कांग्रेस का संकल्प, हर घर तक” की शुरुआत कर दी है। इस अभियान की शुरुआत उदयपुर संभाग के नवनियुक्त प्रभारी राहुल खान के नेतृत्व में की गई। युथ कांग्रेस के प्रदेश संयोजक दीपक सिंह राठौड़ ने बताया कि अगले 100 दिनों तक जिले और संभाग में घर-घर जाकर युवाओं, किसानों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की जाएगी। उनका कहना है कि यह अभियान लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं समझने और उन्हें सरकार के सामने मजबूती से उठाने की कोशिश है। युवक कांग्रेस के उदयपुर संभाग प्रभारी राहुल खान ने कहा कि इस अभियान के तहत कार्यकर्ता हर बूथ तक पहुंचेंगे और युवाओं में बढ़ रही बेरोजगारी, नशे की बढ़ती समस्या और किसानों की दिक्कतों जैसे मुद्दों पर जनता को जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों की आवाज बनकर उनके मुद्दों को आगे ले जाना है। 9 प्रमुख मांगों पर होगा काम चित्तौड़गढ़ जिला प्रभारी प्रदीप कुमार मीणा ने कहा कि इस 100 दिन के अभियान के जरिए युवक कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के सामने कुल 9 प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें SIR प्रक्रिया के जरिए वोट को लेकर उठ रही परेशानियों का विरोध, युवाओं को नशे से बचाने के लिए ड्रग्स के खिलाफ युद्ध, बढ़ती बेरोजगारी, किसानों को खाद-बीज और पेस्टीसाइड की कमी, महिला सुरक्षा, बिजली की अव्यवस्था, पानी के संकट, बढ़ती महंगाई, सड़कों और बुनियादी ढांचे की समस्याएं तथा किसानों की कर्ज माफी जैसे मुद्दे शामिल हैं। डोर-टू-डोर पहुंचकर किया जाएगा जागरूक युवक कांग्रेस का कहना है कि आने वाले 100 दिनों में यह अभियान बूथ लेवल तक चलाया जाएगा, जिसमें कार्यकर्ता डोर-टू-डोर पहुंचकर जनजागरण करेंगे। लोगों की समस्याएं सुनकर उन्हें दर्ज किया जाएगा और इन मुद्दों के समाधान के लिए आवाज उठाई जाएगी। संगठन ने दावा किया कि यह अभियान सिर्फ एक राजनीतिक पहल नहीं बल्कि जनता के हितों के लिए चलाया जाने वाला एक जनसंपर्क आंदोलन है, जिसका मकसद हर घर तक पहुंचकर लोगों को जोड़ना और उनके हक की लड़ाई लड़ना है। यह अभियान आने वाले 100 दिन तक लगातार चलेगा, जिसमें बड़े स्तर पर जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष देवी लाल मेघवाल, प्रदेश सचिव युवराज श्रीमाली, आशाराम गाडरी, प्रदेश सचिव चक्षु शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नितिन वर्मा, महेंद्र छापरवाल, रामेश्वर माली, प्रदेश सचिव रियाज खान, जिला महासचिव अकरम अली, किशन खटीक, जिला सचिव मनीष सुथार, निंबाहेड़ा विधानसभा अध्यक्ष जसवंत आंजना, कपासन विधानसभा अध्यक्ष वीपी सिंह नरधारी, बड़ी सादड़ी विधानसभा अध्यक्ष गोपाल जनवा, चित्तौड़गढ़ विधानसभा अध्यक्ष छत्रपाल सिंह, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह चुंडावत, पिंटू खटीक, महासचिव राहुल शर्मा, भगवती लाल खटीक, बेगू विधानसभा उपाध्यक्ष रामेश्वर अहीर, रवि जायसवाल, भेरू लाल मेघवाल, राहुल सिंह सोलंकी, राजकुमार जायसवाल, विकास धाकड़ सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।