राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर कांदोली में सोमवार अलसुबह लकड़ी से भरी ट्रॉली को कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए। प्रत्यदर्शियों ने बताया कि तड़के करीब 4:30 बजे सिकंदरा से दौसा की ओर जाते समय लकड़ी से भरी ट्रॉली के पीछे से कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रॉली सड़क पर पलट गई तथा कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवार लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला तथा निजी वाहन से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। सूचना के बाद सदर थाना ड्यूटी ऑफिसर संतोष कुमार मौके पर पहुंचे व दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवा कर यातायात को सुचारू कराया। उन्होंने बताया कि राकेश मीना निवासी सलावद तथा देवीलाल मीना निवासी मीना खेडिया घायल हो गए।