अजमेर में भाजपा विधायक अनिता भदेल ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के सामने कहा- पूरा सिस्टम जंग खा गया है। सरकारी विभागों में धक्का मारे बिना कोई काम नहीं होता है। इसके लिए नेता को हर स्तर पर जूझना पड़ता है। भदेल के संबोधन के बीच विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री बात करने लगे तो भदेल ने कहा- देवनानी जी आप तो बात कर लेंगे, मंत्री जी आपके पास आ जाएंगे, लेकिन मंत्री महोदय हमारी कभी-कभी सुनते हैं। या तो हम चले जाते हैं, आप ही बात कर लो। अनिता भदेल ने कहा- हम तो मंत्री जी को सुनाने के लिए आए हैं। इस पर देवनानी ने कहा- मंत्री जी आपकी सुन रहे हैं तो भदेल ने कहा- आप भी सुनो क्योंकि आप भी अध्यक्ष हो, आप सुनोगे तो ठीक रहेगा। देखिए विधायक अनिता भदेल के संबोधन का वीडियो पोस्टर पर विधायक की फोटो नहीं थी, कार्यकर्ता नाराज हुए
दरअसल, अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) ने सोमवार को नसीराबाद रोड स्थित माखुपुरा खेल मैदान में श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर योजना को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के लिए बने मंच पर लगे पोस्टर में अजमेर दक्षिण से विधायक अनिता भदेल की फोटो नहीं होने पर उनके कार्यकर्ता भड़क गए और हंगामा खड़ा कर दिया। कार्यकर्ता विरोध करते हुए कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए। इस दौरान एडीए के अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का समझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता नहीं रुके। कुछ देर बाद अनिता भदेल कार्यक्रम में पहुंचीं तो कार्यकर्ताओं ने उनसे पोस्टर में फोटो नहीं होने की शिकायत की। कार्यकर्ताओं ने विधायक से कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के लिए कहा। विधायक ने नाराजगी उपायुक्त से कहा कि क्या हम प्रोटोकॉल में नहीं आते हैं?, हम चले जाते हैं मंत्री जी से प्रोग्राम करवा लो। विधायक ने कहा- मेरे कार्यकर्ता नहीं रहेंगे तो मैं यहां कैसे रहूंगी। मेरे कार्यकर्ताओं के पीछे ही तो मैं हूं। आयुक्त से विधायक की बातचीत के बाद मामला शांत हो गया। विधायक बोलीं- इस स्कीम के लिए मैंने बहुत मेहनत की
विधायक अनिता भदेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा- इस क्षेत्र के बारे में पता किया तो सामने आया कि पूरी जमीन अजमेर विकास प्राधिकरण की है। इसके बाद स्कीम बनाने की शुरुआत की थी। एडीए ने मुझसे पूछा कि इसका नाम क्या दिया जाए। भदेल ने कहा- धन्यवाद एडीए को कि उन्होंने हमें महत्व दिया और कम से कम नाम हमसे पूछा, नहीं तो अपनी मर्जी से कोई भी नाम रख देते। हमसे पूछा तो हमने हमारे संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से योजना रखने के लिए प्रस्ताव रखा था। इसमें 288 प्लॉट है। विधायक ने कहा- इस स्कीम के लिए मैंने बहुत मेहनत की है। सरकारी सिस्टम में इतनी जंग लग गई है कि वहां हर बार धक्का देना पड़ता है। एडीए में धक्का मार बिना कोई काम नहीं होता है। उसके लिए नेता को हर स्तर पर जूझना पड़ता है। डेयरी बूथ की आड़ में सड़क पर किया अतिक्रमण
भदेल ने कहा- डेयरी बूथ की आड़ में सड़क पर अतिक्रमण किया जा रहा है। लोगों को चलने के लिए सड़क पर रास्ता नहीं है। अशोक गहलोत के सलाहकार ने यह नया रास्ता निकाला था। किसी तरह से जिसको बूथ अलॉट होगा उन्हें श्रेय देंगे और हमारी सरकार बना देंगे। लेकिन अब अशोक गहलोत की दोबारा सरकार नहीं बनेगी। चाहे उन्होंने कितने भी डेयरी बूथ लगा दिए हो। आपके पास जो मंत्रालय है, उसमें बहुत सारे काम का स्कोप
भदेल ने मंत्री से कहा- अंत में यह निवेदन है और यह राजनीतिक बात है। यह आपके कान में भी मैं कह चुकी हूं, लेकिन आप कहोगे तो मैं वापस आपके कान में कह दूंगी और सार्वजनिक नहीं कहूंगी। लेकिन इतना ही निवेदन है कि आपको यह मंत्रालय मिला। इस मंत्रालय में बहुत सारा काम करने का स्कोप है। मेरा यही आग्रह है कि हमारे कुछ अच्छे अधिकारी हैं और मैं जिनकी बात कर रही हूं, उनको भी आप यहां पर पद स्थापित कर दें। देवनानी बोले- अतिक्रमण से पूरा राजस्थान पीड़ित
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा- एडीए ने जितने भी काम किए हैं, मैं उसके लिए कमिश्नर और उनकी टीम को साधुवाद देता हूं। पहले आग्रह करना पड़ता था, अब करोड़ से नीचे कोई बात नहीं करते हैं। श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना से कई लोगों को फायदा मिलेगा। मंत्री जी से यही आग्रह है कि समयबद्ध तरीके से योजना क्रियान्वित की जाएं। अजमेर के लिए मुख्यमंत्री की ओर से कई घोषणा की गई हैं। इन योजनाओं को सफल बनाने का काम आप और हम सभी लोगों का है। देवनानी ने कहा- जब अतिक्रमण हटाने के लिए कहते हैं तो वही लोग सामने आ जाते हैं कि यह तो अपने व्यक्ति का है। इसलिए अपने और पराया से हटकर कानून के अनुसार ही कार्रवाई की जाए। मैंने 22 साल में किसी भी अतिक्रमण करने वाले व्यक्ति का पक्ष नहीं लिया है और न किसी अधिकारी को फोन किया है। देखिए विधानसभा अध्यक्ष के संबोधन का वीडियो
