रानोली क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिश्युं में खेत में काम करते समय एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय बनवारी लाल गढ़वाल पुत्र माधुराम, निवासी रामनगर टिल्या वाली ढाणी, शिश्युं के रूप में हुई है। बनवारी लाल अपने खेत में सिंचाई के लिए फव्वारे की पाइप (स्प्रिंकलर पाइप) लगा रहे थे। पाइप को सीधा करते समय वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। पाइप में करंट आने से बनवारी लाल को जोरदार झटका लगा और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रानोली पुलिस मौके पर पहुंची। रानोली थाना अधिकारी रामलाल ने बताया कि लंबी फव्वारे की पाइप बिजली लाइन से छूने के कारण किसान की जान गई। पुलिस ने शव को एस.के. अस्पताल सीकर की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से इन लाइनों के सुरक्षा मानकों की नियमित जांच करने की मांग की है।
