खैरथल तिजारा जिले के मुंडावर निवासी भाजपा नेता जितेंद्र कौशिक ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें सीतामढ़ी जिले की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कौशिक चुनाव से चार महीने पहले बिहार पहुंचे और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का काम शुरू किया। उन्होंने बथनाहा और रीगा विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकें कीं। इस दौरान माइक्रो-प्लानिंग तैयार की गई और विभिन्न टीमों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया, जिससे चुनावी रणनीति को सुदृढ़ किया जा सके। कौशिक ने पन्ना प्रमुखों की सक्रियता बढ़ाई और प्रत्येक बूथ पर जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की टीम गठित की। घर-घर संपर्क अभियान, लाभार्थी संवाद और स्थानीय मुद्दों पर फीडबैक संग्रह जैसे अभियानों से चुनावी माहौल तैयार किया गया। इस प्रभावी रणनीति के परिणाम स्वरूप, भाजपा ने बथनाहा और रीगा दोनों विधानसभा सीटों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज की। जिसके बाद बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें सम्मानित किया। जितेंद्र कौशिक पूर्व में पाली, कोटा और दिल्ली में भी संगठनात्मक दायित्व सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। जीत के बाद कौशिक ने राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की जीत जमीनी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और मतदाताओं के अटूट विश्वास का परिणाम है।
