जवाहर नगर स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के तक्षशिला सभागार में 48वां वार्षिकोत्सव समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया थे। माहेश्वरी शिक्षा समिति के चेयरमैन उमेश सोनी, वाइस चेयरमैन निर्मल दरगड़, महासचिव शिक्षा कमल सोमानी, मानद सचिव (सी.ए) संजय बांगड़, कोषाध्यक्ष अरुण मालू, भवनमंत्री प्रवीण लड्ढा और स्कूल की प्रधानाचार्या रीता भार्गव सहित अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा सरस्वती मंदिर में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। चेयरमैन उमेश सोनी ने मुख्य अतिथि और सभी आगंतुकों का स्वागत किया। महासचिव शिक्षा कमल सोमानी ने माहेश्वरी समाज की शिक्षा समिति (ईसीएमएस) के दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला, जबकि शिक्षा सचिव (सी.ए) संजय बांगड़ ने स्कूल के विकास कार्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रसार की भावी योजनाओं की जानकारी दी। प्रधानाचार्या रीता भार्गव ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें छात्रों की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा दिया गया। मंच पर उपस्थित मुख्य अतिथि, प्रबंध समिति के सदस्यों और प्रधानाचार्या ने वर्षभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर स्कूल की ‘स्कूल मैगजीन/फ्लिप बुक’ का भी अनावरण किया गया। मुख्य अतिथि ने छात्रों को अपने कौशल विकसित कर समाज और देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। समारोह का मुख्य आकर्षण छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। इन प्रस्तुतियों की शुरुआत “शिव वन्दना” से हुई। इसके बाद के सभी कार्यक्रम नाट्य कथानक “शून्य से शिखर तक” पर आधारित थे। इस नाटक के माध्यम से भारत की प्राचीन गुरुकुल परंपरा से लेकर विज्ञान, लोककला, संस्कृति, तकनीक, अंतरिक्ष और खेल जैसे हर क्षेत्र में हुई उपलब्धियों और प्रगति की महायात्रा को दर्शाया गया।