शहर की प्रमुख सड़कों पर लंबे समय से खुले पड़े, जंग खाए और बदसूरती फैलाते ट्रांसफॉर्मर अब नया रूप ले रहे हैं। नगर निगम ने शहर की सौंदर्य योजना के तहत इन ट्रांसफॉर्मरों को सुरक्षित और आकर्षक बनाने की दिशा में अनोखी पहल शुरू कर दी है। रंगीन मेटल सीएनसी शीट से ट्रांसफॉर्मरों को कवर करके न सिर्फ उन्हें सुरक्षित किया जा रहा है, बल्कि इन्हें सड़क किनारे नए ‘सेल्फी पॉइंट’ के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। पहले ये ट्रांसफॉर्मर गंदगी जमा होने के कारण डंपिंग स्पॉट बन चुके थे। कई बार सफाई के प्रयास किए गए, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। अब पांचबत्ती चौराहे से सर्किट हाउस जाने वाली वीआईपी मूवमेंट रोड पर इस कॉन्सेप्ट की शुरुआत की गई है। यहां सड़क के दोनों ओर लगे 10 ट्रांसफॉर्मरों पर मेटल सीएनसी शीट लगाई जा रही है, जिन पर अलग-अलग डिजाइन व चमकीले रंगों से पेंट किया गया है। आने वाले दिनों में चौहाबो, सूरसागर, सरदारपुरा, प्रतापनगर सहित शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर लगे ट्रांसफॉर्मरों को इसी मॉडल के तहत कवर किया जाएगा, ताकि शहर की विजुअल अपील में एकरूपता लाई जा सके। निगम आयुक्त का आइडिया नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी की ओर से दिया गया यह आइडिया शहर में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। ट्रांसफॉर्मरों को कवर करने के साथ ही फुटपाथ को दो स्टेप में विकसित करने और सड़कों पर बोलार्ड लगाने जैसे सुझाव भी उनके द्वारा दिए गए हैं, जिन पर निगम काम कर रहा है। नगर निगम ने पांचबत्ती चौराहे-सर्किट हाउस रोड पर ऐसे 10 ट्रांसफार्मरों को रंगीन शीट से ढका है।
