जयपुर के सांगानेर रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति 3 महीने के बच्चे को किडनैप कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी थाना जयपुर की टीम हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई शुरू की। जीआरपी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर 16 घंटे में बच्चे को मुहाना इलाके से ढूंढ निकाला। फुटेज में आरोपी बच्चे को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दिया था। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। दस मिनट में गायब हो गया बच्चा
सीओ (जीआरपी जयपुर) नरेंद्र सिंह ने बताया- टोंक की रहने वाली पीड़ित राधा धोबी (28) ने शनिवार रात जीआरपी थाने में अपने 3 महीने के बच्चे के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। राधा ने रिपोर्ट में बताया कि वह अपने पति याकूब खान के साथ जयपुर में रहती है। पति याकूब कैटरिंग का काम करता है। राधा अपने पांच साल और 3 महीने के बेटों के साथ अक्सर सांगानेर रेलवे स्टेशन के बाहर ही सो जाती है। 29 नवंबर की शाम करीब 7 बजे दोनों बेटों के साथ स्टेशन के बाहर बैठी थी। इस दौरान उसकी आंख लग गई थी। करीब 10 मिनट बाद राधा की आंख खुली तो उसका 3 महीने का बेटा वहां नहीं था। बच्चे ने गुलाबी और सफेद रंग के ऊनी कपड़े और टोपा पहन रखा था। इस पर जीआरपी पुलिस तुरंत हरकत में आई और कार्रवाई शुरू की। मुहाना इलाके से मिला बच्चा, आरोपी गिरफ्तार
नरेंद्र सिंह ने बताया- मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम बनाई गई। थानाधिकारी अरुण चौधरी के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। टीम ने स्टेशन और आसपास के होटलों, ढाबों, दुकानों और मकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। एक फुटेज में एक व्यक्ति बच्चे को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दिया। नशे की हालत में था आरोपी
नरेंद्र सिंह ने बताया- आरोपी नशे की हालत में था और बच्चे को लेकर मुहाना की तरफ जाता हुआ दिखाई दिया। मुखबिर से मिली जानकारी पर पुलिस मुहाना इलाके में पहुंची और जहां रविवार को सुबह करीब 11 बजे बच्चा मिल गया। उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी आकाश बैरवा मुहाना के पास कापवाड़ा, श्याम नगर का रहने वाला है। आदतन अपराधी नहीं है। निवाई (टोंक) से ट्रेन में सांगानेर स्टेशन आया था। नशे में स्टेशन से बच्चे को गोद में उठाया और अपने घर पर ले गया।
