कासं|सवाईमाधोपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) अध्यक्ष देवेन्द्र दीक्षित द्वारा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए शनिवार को जिले के न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान विधिक अध्यक्ष ने न्यायिक अधिकारियों को लोक अदालत से सम्बन्धित आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला विधिक अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष की चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन के माध्यम से दिनांक 21 दिसम्बर 2025 को किया जा रहा है, जिसमें प्री-लिटिगेशन प्रकरणों, मोटर दुर्घटना दावों से संबंधित क्लेम के विवाद, एनआई एक्ट धारा 138, धन वसूली के सभी प्रकार के विवाद एवं वसूली के लंबित प्रकरणों सहित गृहकर के विवाद, स्थानीय निकायों द्वारा वसूली से संबंधित सभी प्रकार के विवाद, सभी प्रकार के राजस्व विवाद तथा अन्य सभी प्रकार के सिविल विवाद, उपभोक्ता विवाद, जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवाद एवं अन्य राजीनामा योग्य विवादों का निस्तारण किया जाना है। उन्होंने बैठक में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों को लंबित अधिकाधिक प्रकरणों में प्री-काउंसलिंग करने एवं न्यायालयों में लंबित अधिकाधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 21 दिसम्बर 2025 में रैफर करवाकर उनका निस्तारण कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय राजेन्द्र शर्मा, विशिष्ट न्यायाधीश एससी/एसटी न्यायालय असीम कुलश्रेष्ठ, न्यायाधीश मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण सुन्दरलाल बंशीवाल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समीक्षा गौतम, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश भावना भार्गव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आशुतोष सिंह आढा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गार्गी चौधरी, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट राजवीर कौर, अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-01 किरण प्रजापत, अति. सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-02 अनिता रजवानियां उपस्थित रहे। साथ ही तालुका गंगापुर सिटी, बौंली, बामनवास, खण्डार पर स्थित न्यायालयों से न्यायिक अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।
