अमृतसर | 27 नवंबर को पावन वाल्मीकि तीर्थ पर झंडा लगाने को लेकर जो विरोध चल रहा था वह फिलहाल शांत हो गया है। अब 30 नवंबर को धार्मिक संगठन और संत समाज मिलकर तीर्थ में माथा टेकेंगे। इसी संबंध में जिला प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों की बैठक करवाई गई। जिसमें धार्मिक संगठन और संत समाज के कई पदाधिकारी शामिल हुए। इसमें शुक्राचार्य दर्शन रत्न, रावण कुमार, नरेश, जसपाल, पवन, द्रविड़, शशि गिल, सचिन समेत जिला प्रशासन के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर जिला प्रशासन द्वारा वाल्मीकि समाज के धार्मिक संगठन और संत समाज में इस बात को लेकर समझौता करवाया कि जल्द ही तीर्थ के सभी गुंबदों पर पावन सत्य चिन्ह लगाया जाएगा। वहीं संत समाज द्वारा लगाए लाल ध्वज को भी मान्यता दी जाएगी। इस निर्णय से धार्मिक संगठन और संत समाज ने मान लिया। फिलहाल 30 नवंबर को होने वाला नितनेम पाठ दोनों मिलकर करेंगे ताकि भाईचारे को शत्रुता भूलकर मित्रता का संदेश मिल सके। वहीं दूसरी तरफ तीर्थ पर आने की जो वीडियो वायरल हुई थी उसके बारे में अगली बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
