भास्कर न्यूज | अमृतसर नवदुर्गा भजन मंडली की ओर से 25वां सालाना भगवती जागरण गली लाला लाजपत राय दुर्ग्याणा मंदिर के पास करवाया गया। मंडली के मुख्य सेवादार जतिन चोपड़ा, प्रणव ग्रोवर, तुषार मल्होत्रा, अजय कपूर, प्रदीप जैन की अध्यक्षता में जागरण किया। भगवती जागरण से पहले हिमाचल प्रदेश ज्वाला जी मंदिर से लाई पवित्र ज्योति की शोभायात्रा शाम 4 बजे निकाली गई। कायस्थ सभा श्रीवास्तव मंदिर कमेटी बाजार किला भंगिया के सभी सदस्य इस ज्योति शोभायात्रा में विशेष रूप से शामिल हुए। हाथी गेट से शुरू होकर ज्योति शोभायात्रा गोल बाग, जैन मंदिर धर्मशाला पहुंची। यह पवित्र ज्योति जागरण स्थल पर विराजमान की गई। रात 8 बजे भगवती जागरण शुरू किया। जिसमें भाजपा नेता तरुण चुघ ने विशेष रूप से शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद लिया। जागरण में लविश लव, सुशील चावला, सतीश बिल्ला महंत की ओर से महामाई का गुणगान किया गया। पावन ज्योति शोभा यात्रा दौरान सुंदर रथ पर मां की पवित्र ज्योति विराजमान की गई। बैंड बाजे के साथ नाचते भक्तों ने ज्योति पर पुष्प वर्षा की। इससे पहले मां की मेहंदी रस्म 7 बजे निभाई गई। जबकि दुर्गा स्तुति पाठ दोपहर 3 बजे किए गए। जागरण से पहले प्रीति भोज रात 8:30 बजे किया गया। इस मौके पर श्री राधा रानी परिवार, श्री राम सेवा परिवार समेत कई सभा सोसाइटियों की ओर से जागरण में सेवा निभाई।