क्राइम रिपोर्टर | जयपुर कमिश्नरेट द्वारा चलाए ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत सीएसटी ने प्रताप नगर में दबिश देकर ड्रग्स तस्करी करने वाली विदेशी युवती और युवक को पकड़ा है। गिरफ्तार मोहम्मद इजिप्ट व मारग्रेट उर्फ शकीरा तंजानिया के रहने वाले हैं। दोनों लाजपत नगर में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 5 लाख रुपए कीमत की 31 ग्राम कोकिन व 6 ग्राम एमडी ड्रग्स और 75 हजार रुपए बरामद किए। डीसीपी क्राइम अभिजीत सिंह ने बताया कि सीएसटी सदस्य प्रदीप कुमार को मिली सूचना के आधार पर सज्जन सिंह व संदीप बसेरा की टीम ने दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों के पासपोर्ट के बारे में जानकारी जुटाई तो सामने आया कि मोहम्मद का पासपोर्ट पूर्व में रामनगरिया थाने में हुई कार्रवाई के दौरान जब्त हो गया था, जो अभी तक पुलिस के कब्जे में है। इधर मारग्रेट ने अपना पासपोर्ट दिल्ली में किसी परिचित के पास होना बताया। इस संबंध में पूछताछ कर तस्दीक की जा रही है। दोनों के वीजा की अवधि खत्म हो चुकी। ऐसे में दोनों आरोपियों से मादक पदार्थ लाने और यहां सप्लाई के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपी मोहम्मद ने विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी जयपुर में फार्मेसी में एडमिशन ले रखा है। जो यहां पढ़ाई की आड़ में ड्रग्स तस्करी कर रहा है।
