राजस्थान में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में गुरुवार का दिन स्विमिंग स्टार भव्या सचदेवा के नाम रहा। जैन यूनिवर्सिटी की भव्या ने 800 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर फ्रीस्टाइल और 4×100 मीटर मेडले रिले में गोल्ड मेडल जीतकर अपने कुल गोल्ड की संख्या सात कर ली। भव्या के प्रदर्शन ने जैन यूनिवर्सिटी को मेडल तालिका में मजबूती से शीर्ष पर पहुंचा दिया। जैन यूनिवर्सिटी के तैराकों ने अब तक 20 गोल्ड अपने नाम किए हैं। एलपीयू ने तीरंदाजी-शूटिंग में जीते चार गोल्ड
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी दूसरे स्थान की होड़ में हैं। एलपीयू ने तीरंदाजी और शूटिंग में मिलाकर चार गोल्ड जीतकर गोल्ड की संख्या 13 कर ली, जबकि गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के पास 14 गोल्ड हैं। एलपीयू की अंशिका कुमारी और देवांग गुप्ता ने रिकर्व महिला और पुरुष फाइनल जीतकर दो-दो गोल्ड अपने नाम किए। टीम इवेंट में भी एलपीयू ने महिला और पुरुष दोनों वर्गों में गोल्ड पर कब्जा किया। हालांकि रिकर्व मिक्स्ड टीम फाइनल में एलपीयू को रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी ने टाईब्रेकर में हरा दिया। लोगेश्वरन एस ने 79 किग्रा कैटेगरी में उठाया कुल 305 किलो वजन
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में मणिपाल यूनिवर्सिटी राजस्थान के यशवर्धन ने 252.7 के फाइनल स्कोर के साथ गेम्स का पहला गोल्ड जीता। 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में एलपीयू के राजकंवर सिंह संधू ने 29 पॉइंट के साथ गोल्ड जीता। तिरुवल्लूर यूनिवर्सिटी के लोगेश्वरन एस ने 79 किलो कैटेगरी में कुल 305 किलो वजन उठाकर अपनी तीसरी मौजूदगी में पहला केआईयूजी गोल्ड जीता। पुरुषों की 88 किग्रा श्रेणी में देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के परीक्षित सोनी ने 278 किलो उठाकर गोल्ड पर कब्जा किया। महिला टीम योगासन में पतंजलि यूनिवर्सिटी ने गोल्ड जीता। पुरुष टीम में पंजाब यूनिवर्सिटी 388.41 स्कोर के साथ टॉप पर रही। गेम्स के मल्टीपल इवेंट्स में गुरुवार को शानदार मुकाबले हुए और कई नए चैंपियन सामने आए। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम और बीकानेर सहित कई वेन्यू पर खेलों का रोमांच दिनभर चरम पर रहा।