उदयपुर| गीतांजली हॉस्पिटल के ऑर्थोपेडिक्स विभाग और बॉम्बे ऑर्थोपेडिक सोसाइटी की ओर से दो दिवसीय पोस्ट ग्रेजुएट टीचिंग कोर्स का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान के 72 पीजी स्टूडेंट्स समेत देशभर से आए प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गीतांजली ग्रुप के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी के डॉक्टर आधुनिक तकनीकों में दक्ष बन सकें और आगे चलकर मरीजों को बेहतर और उन्नत उपचार दे पाएं। वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. हरप्रीत सिंह और डॉ. रामावतार सैनी ने बताया कि कोर्स में ऑर्थोपेडिक्स के विविध महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत अकादमिक सत्र हुए। इससे स्टूडेंट्स को नवीन तकनीकों और मॉडर्न ट्रीटमेंट मैथड्स की गहन जानकारी मिली। दो दिनों तक चले इस कार्यक्रम में केस डिस्कशन, इंटरेक्टिव सेशन और क्लिनिकल बातचीत ने छात्रों की प्रैक्टिकल समझ को और मजबूत बनाया। प्रतिभागियों ने भी इसे अपने करियर के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
